अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने अपनी 237वीं फिल्म का शीर्षक 'संडियार' रखा है। फिल्म के निर्देशक एस.यू. अरुण कुमार हैं और अभिनेता के 72वें जन्मदिन के अवसर पर फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया गया। इस शीर्षक के सामने आते ही पुथिया तमिलनाडु पार्टी के अध्यक्ष डॉ. कृष्णस्वामी ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने फिल्म के विज्ञापनों में हिंसा और प्रतिशोध से जुड़े दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि एक सांसद के रूप में कमल हासन को जाति और धर्म से ऊपर उठकर कार्य करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि 23 साल पहले भी कमल हासन ने अपनी एक फिल्म का नाम 'संडियार' रखा था, जिसका डॉ. कृष्णस्वामी ने कड़ा विरोध किया था। उस समय उन्होंने तर्क दिया था कि यह शीर्षक जातिवादी वर्चस्व और हिंसा को बढ़ावा देता है। भारी विरोध के बाद, तत्कालीन मुख्यमंत्री जयललिता से मुलाकात के बाद कमल हासन ने फिल्म का नाम बदलकर 'विरुमांडी' कर दिया था। अब एक बार फिर उसी शीर्षक के चयन से विवाद खड़ा हो गया है।
इस मामले में एक तरफ रचनात्मक स्वतंत्रता की बात की जा रही है, तो दूसरी तरफ सामाजिक जिम्मेदारी का तर्क भी दिया जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कमल हासन 23 साल पहले की तरह इस बार भी फिल्म का शीर्षक बदलेंगे या अपने निर्णय पर अडिग रहेंगे।
