कॉग्निजेंट ने 'प्रोजेक्ट लीप' नामक पुनर्गठन योजना के तहत वैश्विक स्तर पर 12,000 से 15,000 कर्मचारियों की छंटनी करने का निर्णय लिया है, जिसका सबसे अधिक असर भारत में देखने को मिलेगा। कंपनी ने अपने पुनर्गठन की लागत का अनुमान 18 करोड़ से 25 करोड़ डॉलर के बीच तय किया है। कॉग्निजेंट ने स्पष्ट किया है कि वह एआई-आधारित व्यावसायिक रणनीति के अनुरूप नई नियुक्तियां करना जारी रखेगी।
दूसरी ओर, क्वालकॉम ने भी वैश्विक स्तर पर कर्मचारियों की संख्या में कटौती शुरू कर दी है, जिसमें भारत स्थित कार्यालय भी शामिल हैं। सीईओ क्रिस्टियानो अमोन ने इसे वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा के बाद लिया गया निर्णय बताया है। स्मार्टफोन चिप बाजार में मांग में कमी के बीच कंपनी अब अपना ध्यान एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑटोमोटिव तकनीक पर केंद्रित कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में 1,000 से अधिक पद प्रभावित हो सकते हैं।
क्वालकॉम प्रभावित कर्मचारियों को एक विशेष सेवरेंस पैकेज दे रहा है, जिसमें मूल वेतन, सेवा के वर्षों के आधार पर मुआवजा, स्वास्थ्य बीमा और निर्धारित समय सीमा के भीतर समझौता करने वालों को एक अतिरिक्त महीने का वेतन शामिल है।




