दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक, टीम्स और कोपायलट सेवाओं में आई तकनीकी खराबी के कारण 74 देशों में लाखों उपयोगकर्ता प्रभावित हुए। अमेरिका से शुरू हुई यह समस्या माइक्रोसॉफ्ट 365 और एक्सचेंज ऑनलाइन मेल सेवाओं तक फैल गई थी। करीब 24 घंटे के संघर्ष के बाद सेवाओं को धीरे-धीरे बहाल किया गया। माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया है कि यह समस्या किसी साइबर हमले के कारण नहीं, बल्कि तकनीकी खामी की वजह से हुई थी। कंपनी ने ग्राहकों से माफी मांगते हुए कहा कि विस्तृत जांच के बाद इस पर रिपोर्ट जारी की जाएगी।
एंडर्सन इकोनॉमिक ग्रुप के आकलन के अनुसार, इस तकनीकी व्यवधान से वैश्विक स्तर पर उत्पादकता में लगभग 7 बिलियन डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 66,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस बीच, कंपनी ने उपयोगकर्ताओं को तकनीकी सहायता केंद्र के नाम से आने वाले फर्जी ईमेल और धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।


