तिरुपति तिरुमला देवस्थानम (TTD) ने भक्तों को दर्शन, आवास और अर्जित सेवा बुकिंग के नाम पर चल रही फर्जी वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से सावधान रहने की चेतावनी दी है। देवस्थानम ने स्पष्ट किया है कि उनके नाम और लोगो का दुरुपयोग कर भक्तों को ठगा जा रहा है, इसलिए ऐसी भ्रामक साइटों पर भरोसा न करें।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी रवि ने भक्तों से केवल आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्हाट्सएप के माध्यम से आने वाली किसी भी फर्जी जानकारी पर विश्वास न करें और किसी भी अज्ञात लिंक पर पैसे न भेजें।
देवस्थानम ने बताया कि फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब तक ऐसी 259 फर्जी वेबसाइटों के खिलाफ देवस्थानम द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है।



