कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को लाल किले पर आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल नहीं हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए इस राष्ट्रीय कार्यक्रम से दोनों वरिष्ठ नेताओं की यह लगातार दूसरी अनुपस्थिति है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने समारोह के प्रोटोकॉल और बैठने की व्यवस्था को लेकर असंतोष के चलते कार्यक्रम से दूरी बनाई। कांग्रेस का तर्क है कि राष्ट्रीय कार्यक्रमों में पार्टी नेताओं को दी जाने वाली जगह उनके आधिकारिक पद के अनुरूप नहीं होती है।
वहीं, रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बैठने की व्यवस्था 'टेबल ऑफ प्रेसीडेंस' के अनुसार तय की जाती है, जिसके तहत विपक्ष के नेता का दर्जा केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के समकक्ष होता है। सरकार का कहना है कि राजकीय समारोहों में सभी व्यवस्थाएं संवैधानिक प्रोटोकॉल के अनुरूप ही की जाती हैं।



