कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र (KKNPP) ने अपनी स्थापना के बाद से अब तक 1,30,627 मिलियन यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन किया है। संयंत्र की 1,000 मेगावाट क्षमता वाली पहली दो इकाइयों ने पर्यावरण में 11.22 करोड़ टन कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन को रोकने में सफलता हासिल की है। संयंत्र के साइट निदेशक अशोक भाटिया ने बताया कि दोनों रिएक्टर 101.5 प्रतिशत से अधिक क्षमता कारक पर काम कर रहे हैं। रिएक्टर-2 ने लगातार संचालन का नया रिकॉर्ड बनाया है, जिसने रिएक्टर-1 के 638 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। रिएक्टर-1 को 22 अक्टूबर 2013 और रिएक्टर-2 को 15 अक्टूबर 2016 को चालू किया गया था।
रूस के सहयोग से संयंत्र में चार अन्य रिएक्टरों का निर्माण कार्य जारी है। हाल ही में रिएक्टर-5 के लिए रिएक्टर प्रेशर वेसल को स्थापित किया गया है और रिएक्टर-3 के लिए 'स्पिलेज टू ओपन रिएक्टर' का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा, संयंत्र ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) कार्यक्रम के तहत आसपास के गांवों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 155.33 करोड़ रुपये का निवेश किया है।


