शुक्रवार को दिल्ली में हुई भारी बारिश के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में यात्रियों को घुटनों तक भरे पानी में अपना सामान ले जाते हुए देखा गया।
खराब मौसम के चलते विमानों के परिचालन पर असर पड़ा है, जिसके बाद इंडिगो समेत अन्य एयरलाइंस और हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच कर लें और हवाई अड्डे तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी में भारी बारिश, गरज और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। शाम तक और अधिक बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति बनी रहने की आशंका है।





