फ्रांस में जारी तनावपूर्ण स्थिति और कई शहरों में लागू कर्फ्यू के मद्देनजर भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दूतावास ने नागरिकों से विरोध प्रदर्शन वाले स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने तथा स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
फ्रांस में 17 तारीख से भड़की हिंसा के बाद पेरिस, लिली, ल्योन और नीस जैसे शहरों में प्रतिबंध लागू किए गए हैं। मार्सिले में भी प्रदर्शनों पर रोक है, लेकिन शनिवार को प्रस्तावित रैलियों के कारण तनाव बना हुआ है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंसा रोकने के लिए सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
भारतीयों को स्थानीय समाचारों के माध्यम से स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है। किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए पेरिस स्थित भारतीय दूतावास से +33 6 48 34 00 63 या cons.paris@mea.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, मार्सिले स्थित वाणिज्य दूतावास से +33 7 43 16 25 59 या cgo.marseille@mea.gov.in के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।

