भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के उत्तरी और मध्य राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिक नरेश यादव के अनुसार, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि पंजाब, हरियाणा और बिहार में भी भारी वर्षा के आसार हैं। दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि आज के बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश की तीव्रता कम होने लगेगी और कल हल्की बारिश के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।



