बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार को गंगा नदी में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई। नाव पर 15 से 20 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर बच्चे शामिल थे। ये सभी एक भोज में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी घटना पर संवेदना व्यक्त की है। इसके अलावा, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शोक जताते हुए स्थानीय अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।



