मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक दर्दनाक घटना में 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया की मौत हो गई। मंगलवार को अलाव के पास बैठे राजेंद्र ने जैसे ही मिठाई समझकर एक वस्तु को मुंह में रखा, उसमें जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी जान चली गई।
पुलिस अधिकारी रेखा सिंह ने बताया कि यह एक देसी विस्फोटक था, जिसका उपयोग स्थानीय स्तर पर जंगली सुअरों के शिकार के लिए किया जाता है। आटे की लोई में बारूद भरकर बनाए गए इस विस्फोटक को एक अन्य ग्रामीण ने राजेंद्र को दिया था।
इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उन पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह घटना किसी साजिश का हिस्सा थी या महज एक घातक मजाक।



