दिल्ली में सोमवार को हुई भारी बारिश और आंधी के कारण विमानों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। खराब मौसम के चलते 15 उड़ानों को दिल्ली हवाई अड्डे से अन्य शहरों की ओर मोड़ना पड़ा, जिनमें तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। इनमें से 12 उड़ानों को जयपुर, दो को चंडीगढ़ और एक को लखनऊ भेजा गया। एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट और आकासा एयर जैसी प्रमुख विमानन कंपनियों ने यात्रियों को सतर्क रहने और यात्रा से पहले उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने क्षेत्र के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी करते हुए आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। बारिश के कारण दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में जलभराव और भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण यह बारिश हो रही है।


