दिल्ली में सोमवार को हुई भारी बारिश और आंधी के कारण विमानों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। खराब मौसम के चलते 15 उड़ानों को दिल्ली हवाई अड्डे से अन्य शहरों की ओर मोड़ना पड़ा, जिनमें तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। इनमें से 12 उड़ानों को जयपुर, दो को चंडीगढ़ और एक उड़ान को लखनऊ भेजा गया।
एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा एयर जैसी प्रमुख विमानन कंपनियों ने यात्रियों को संभावित देरी के प्रति आगाह करते हुए अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने क्षेत्र के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी किया है और आगे भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।
राजधानी के अलावा नोएडा और गाजियाबाद सहित आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश से जलभराव और भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय मानसून ट्रफ और नमी वाली हवाओं के कारण यह बारिश हो रही है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।


