नेपाल में आई भीषण बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,127 हो गई है। नेपाल पुलिस के अनुसार, अब तक 6,541 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि 4,858 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जिन मृतकों के शव नहीं मिल सके, उनके लिए पशुपतिनाथ मंदिर में प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किए गए।
भारत नेपाल को लगातार राहत सामग्री भेज रहा है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि भारतीय वायुसेना के पांचवें विमान के जरिए 11 सदस्यीय बचाव दल और 5.5 टन आवश्यक दवाएं नेपाल भेजी गई हैं। वहीं, नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि बाढ़ में फंसे 324 विदेशी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, लापता बताए गए लोगों में से 5 ने फोन और ईमेल के जरिए संपर्क किया है, हालांकि अभी भी 590 विदेशी नागरिकों की तलाश जारी है।


