तमिलनाडु सरकार ने स्कूलों में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को लागू करने का आदेश दिया है। स्कूली शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी कर कहा है कि सभी स्कूलों में पर्याप्त पानी की सुविधा के साथ छात्राओं के लिए अलग शौचालय होने चाहिए।
विभाग ने छात्राओं के बीच मासिक धर्म और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया है। साथ ही, दिव्यांग छात्राओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए साबुन और पानी की सुविधा वाले शौचालयों का रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्कूलों में छात्राओं को मुफ्त सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने और इन सभी सुविधाओं के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी संबंधित स्कूल के प्रधानाध्यापकों को सौंपी गई है।
