पुडुचेरी स्थित महात्मा गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज के बैंक खाते से 8.5 करोड़ रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कर्मचारियों के वेतन के लिए सरकारी खजाने से निकाली गई यह राशि 500 से अधिक अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित की गई है।
पुडुचेरी साइबर क्राइम पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। पुलिस ने चेन्नई के दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम कोयंबटूर भेजी गई है।



